बोदरा ने कोर्ट में किया सरेंडर, डीडी बार हत्याकांड के मुख्य आरोपी पर था 2 लाख का इनाम






जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हुई हत्या और चाकूबाजी के मामले में मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने पुलिसिया दबाव के आगे झुकते हुए जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में सरेंडर कर दिया है। आरोपी ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट विशाल गौरव की अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बोदरा पर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर चाकू से हमला करने का मुख्य आरोप है, जिसमें हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी जबकि प्रत्युष सिंह घायल हुए थे। घटना के बाद से एसआईटी लगातार बोदरा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी, जिस पर पुलिस ने 2 लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।


इस मामले में बिष्टुपुर पुलिस ने कुल 10 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस पहले ही 5 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि बीते दिनों बार के मैनेजर विजय महानन्द सहित 3 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया। इसके अलावा बार मालिक नीरज सिंह को भी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
बोदरा के सरेंडर के साथ ही इस बहुचर्चित मामले के सभी प्रमुख आरोपियों तक पुलिस की पहुंच बन गई है। मामले की आगे की जांच जारी है और अदालत में सुनवाई की प्रक्रिया अब तेज होने की उम्मीद है।


