नीरज सिंह की अग्रिम जमानत पर कोर्ट में बहस, सरकारी वकील बोले – अभी हिरासत में है आरोपी, जानें पूरा मामला






जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष आनंद पर हुए हमले के मामले में आरोपी भाजपा नेता व डीडी बार मालिक नीरज सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर जमशेदपुर कोर्ट के एडीजे 1 की अदालत में सुनवाई हुई। नीरज सिंह राजस्थान में गिरफ्तार हो चुके हैं। उनकी ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश झा ने बहस करते हुए सुनवाई की इजाजत मांगी, जिस पर जज ने कहा कि अभी तो उनकी गिरफ्तारी की खबर ही है। झा ने जवाब दिया कि गिरफ्तारी की खबरें आई हैं लेकिन इसका कोई आधिकारिक दस्तावेज कोर्ट या बचाव पक्ष के पास नहीं है, इसलिए सरकारी वकील से स्पष्टीकरण लिया जाए।


जज के पूछने पर लोक अभियोजक ने पहले कुछ समय मांगा, फिर जिला पुलिस अधिकारी से बात कर कोर्ट को बताया कि नीरज सिंह को राजस्थान में डिटेन किया गया है, गिरफ्तार नहीं। इसके बाद प्रकाश झा ने अग्रिम जमानत पर बहस करते हुए जमानत देने की अर्जी लगाई। लेकिन कोर्ट ने निचली अदालत से रिपोर्ट और जमशेदपुर पुलिस से केस डायरी तलब कर ली।
केस डायरी जमा करने के लिए लोक अभियोजक ने पुलिस की ओर से 8 दिनों का समय मांगा, जिसका प्रकाश झा ने विरोध किया। इसके बाद कोर्ट ने पांच दिनों में केस डायरी जमा करने का निर्देश दिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई पांच दिनों बाद होगी।


