अमोनिया गैस रिसाव के बाद बड़ी राहत, 42 प्रवासी मजदूर सुरक्षित घर लौटने रवाना

जमशेदपुर : तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में स्थित एक निजी सीफूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस रिसाव की घटना से प्रभावित झारखंड के सभी 42 प्रवासी मजदूरों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर दी गई है। राज्य सरकार के समन्वय से सभी श्रमिकों को विशेष स्लीपर कोच में अलाप्पुझा-धनबाद एक्सप्रेस से झारखंड के लिए रवाना किया गया। ये मजदूर पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, पाकुड़, गिरिडीह, दुमका, लातेहार और साहिबगंज जिलों के निवासी हैं।

21 जून को हुए गैस रिसाव हादसे में कई मजदूर इसकी चपेट में आए थे। धनबाद की प्रवासी मजदूर प्रीति देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके पार्थिव शरीर को विमान से रांची लाया गया और फिर एंबुलेंस के जरिए उनके गृह जिले भेजा गया। राज्य सरकार ने कहा है कि मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा और अन्य वैधानिक लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों और कंपनी के साथ समन्वय जारी रहेगा।


