पति के दोस्त बनकर ठगी का खेल, महिला से 15 हजार रुपये लेकर आरोपी फरार

चाईबासा : शहर के सदर बाजार इलाके में एक महिला से 15 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को महिला के पति का दोस्त बताकर बातचीत के जरिए उसका भरोसा जीत लिया और फिर पैसे लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, महिला बैंक से 15 हजार रुपये निकालकर लौट रही थी, तभी आरोपी ने उसे रोका और परिचय बढ़ाया। बातचीत के दौरान उसने खुद को परिचित बताते हुए विश्वास दिलाया और धीरे-धीरे महिला को अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद उसने किसी बहाने से पूरे 15 हजार रुपये ले लिए।
पैसे लेने के बाद आरोपी ने महिला को बाइक से घर छोड़ने का झांसा दिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।


