धनबाद में अनोखी पहल: हेलमेट के आकार का ट्रैफिक पोस्ट बना, SSP ने किया उद्घाटन



धनबाद : सड़क सुरक्षा को लेकर धनबाद पुलिस ने एक अनोखी पहल की है। गोल बिल्डिंग के समीप हेलमेट के आकार में तैयार किए गए अत्याधुनिक ट्रैफिक पोस्ट का शनिवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि हेलमेट दुर्घटना के समय जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है और इस थीम आधारित ट्रैफिक पोस्ट के जरिए लोगों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया जाएगा। इस पोस्ट को विशेष पॉलिमर सामग्री और मजबूत ग्लास से तैयार किया गया है, जो गर्मी में ठंडा और सर्दी में गर्म रहेगा, जिससे ट्रैफिक कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
इस ट्रैफिक पोस्ट के निर्माण में रैपिडो कंपनी ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत सहयोग दिया है। पुलिस का मानना है कि यह पहल सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मददगार साबित होगी।


