वीडियो वायरल हुआ, DC खुद चले आए: दिव्यांग माता-पिता की बच्ची ललिता की अपील पर पलामू DC ने घर पहुंचकर दिलाई सरकारी सुविधाएं



पलामू : चैनपुर प्रखंड के सुदूर अवसाने गांव की छोटी बच्ची ललिता कुमारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए अपने दिव्यांग माता-पिता के लिए आवास और सरकारी सहायता की गुहार लगाई थी। इस वीडियो के वायरल होते ही पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत शनिवार को खुद उसके घर पहुंच गए और परिवार को कई महत्वपूर्ण सरकारी सुविधाएं दिलाईं। डीसी को घर आया देख परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।


उपायुक्त ने दिव्यांग दंपति को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत आवास की स्वीकृति दी और उनकी सुविधा के लिए ट्राई साइकिल भी उपलब्ध कराई। ललिता के छोटे भाई को गोद में लेकर जन्म प्रमाण पत्र सौंपा और परिवार के तीन अन्य बच्चों को भी जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा ललिता के भाई-बहन का नामांकन नवनिर्मित अवसाने-3 आंगनबाड़ी केंद्र में कराया और स्वयं उपस्थिति रजिस्टर में उनका नाम दर्ज किया। डीसी ने ललिता के साथ मिलकर इस नए आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन भी किया और बच्चों को स्लेट, कॉपी, पेंसिल व फल बांटे।
उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि परिवार को सभी पात्र योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाया जाए और बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से भी जोड़ा जाए। उन्होंने उस इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर की भी सराहना की जिसके जरिए यह मामला प्रशासन तक पहुंचा और कहा कि यह सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग का सशक्त उदाहरण है।


