बोकारो में 14 वर्षीय नाबालिग के घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास, 3 आरोपी गिरफ्तार




यह पूरी वारदात 31 मई 2026 की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। आधी रात को तीनों आरोपी पीड़िता के घर का मुख्य द्वार फांदकर भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद उन्होंने वहां सो रही नाबालिग लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाने की नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया। इस अचानक हुए हमले से घबराकर जब नाबालिग ने शोर मचाया, तो उसका भाई उसे बचाने के लिए तुरंत वहां पहुंचा। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने पीड़िता के भाई के साथ भी बेरहमी से मारपीट की और फिर वहां से फरार हो गए।
इस खौफनाक घटना के संबंध में पीड़िता की मां ने 1 जून 2026 को स्थानीय थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 24/06 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं (115(2), 74, 333, 3(5)) और 8 पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी के लिए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों नामजद आरोपियों को धर दबोचा और 2 जून 2026 को उन्हें जेल भेज दिया।


