रांची से लौट रहे 4 युवक हादसे का शिकार, पेट्रोल पंप के पास कार टकराई, मचा हड़कंप



रामगढ़ : पतरातू के तालाताड़ पेट्रोल पंप के पास देर रात हुए सड़क हादसे में कार सवार चार युवक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सभी युवक रांची से अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि होंडा सिटी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों की पहचान लपंगा निवासी संदीप प्रसाद (34), अजय पांडे (39), विपिन कुमार (36) और रवि कुमार (31) के रूप में हुई है। सभी लोग कार संख्या JH-01EH-0452 से यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।सूचना मिलने पर पतरातू पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया, जहां हिल व्यू नर्सिंग होम में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


