सरकारी गाड़ी की फोटो लेते ही भड़की महिला मजिस्ट्रेट, पत्रकार को थाने ले जाने पर बवाल



बोकारो : जिले में एक पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद मीडिया जगत में नाराजगी बढ़ गई है। एक दैनिक अखबार से जुड़े पत्रकार युधिष्ठिर महतो ने चास-बोकारो में तैनात महिला एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट जया कुमारी पर अभद्र व्यवहार और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। घटना के बाद पत्रकार संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठाई है

जानकारी के अनुसार, पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के रहने वाले पत्रकार युधिष्ठिर महतो मंगलवार को सुभाष चौक के पास मौजूद थे। इसी दौरान “एक्सक्यूटिव मजिस्ट्रेट, चास-बोकारो” लिखी सरकारी बोलेरो गाड़ी खराब हो गई थी और कुछ लोग उसे धक्का दे रहे थे। पत्रकार ने उस दृश्य की फोटो अपने मोबाइल से खींच ली। आरोप है कि फोटो लेते ही महिला अधिकारी गाड़ी से बाहर निकलीं और उनका कॉलर पकड़ लिया। पत्रकार का कहना है कि उनके साथ गाली-गलौज की गई और बाद में पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से उन्हें पिंड्राजोरा थाना ले जाया गया, जहां कुछ देर तक बैठाकर रखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पत्रकार और मीडिया कर्मी थाना पहुंचे और महिला अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। युधिष्ठिर महतो ने कहा कि इस घटना से उनकी छवि और सम्मान को ठेस पहुंची है। वहीं पत्रकार संगठनों ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


