रांची : ‘फेम इंडिया मैगजीन’ और ‘एशिया पोस्ट’ द्वारा जारी “सर्वश्रेष्ठ उपायुक्त 2026” की प्रतिष्ठित सूची में झारखंड के छह उपायुक्तों ने अपनी जगह बनाकर राज्य का गौरव बढ़ाया है। देशभर के करीब 800 जिलों में कार्यरत जिलाधिकारियों के कार्यों के मूल्यांकन के बाद जारी इस सूची में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को भी टॉप 100 जिला अधिकारियों में शामिल किया गया है। इस उपलब्धि को झारखंड के प्रशासनिक ढांचे और जनसेवा के प्रति अधिकारियों की प्रतिबद्धता का बड़ा सम्मान माना जा रहा है।
Advertisements
Advertisements
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित अधिकारियों में रांची के मंजूनाथ भजन्त्री के अलावा धनबाद के आदित्य रंजन, गढ़वा के दिनेश कुमार यादव, जामताड़ा के रवि आनंद, खूंटी की आर. रोनिता और साहिबगंज के हेमंत सती का नाम शामिल है। इन अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों, जनसंपर्क, संकट प्रबंधन, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता के बीच सकारात्मक छवि के आधार पर चुना गया है।
रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की कार्यशैली को विशेष सराहना मिली है। वे प्रत्येक सोमवार को ‘जनता दरबार’ लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनते हैं और कई मामलों का त्वरित समाधान करते हैं। प्रशासनिक पारदर्शिता, शिकायतों के तेज निष्पादन और प्रखंड-अंचल स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की पहल को भी उनकी लोकप्रियता का बड़ा कारण माना गया है।
इस राष्ट्रीय सर्वेक्षण में बिहार के पटना डीएम डॉ. थियागराजन एस.एम. को देशभर में पहला स्थान मिला है। वहीं राजस्थान की चर्चित आईएएस टीना डाबी, उत्तर प्रदेश के विशाख जी अय्यर और रविंद्र कुमार जैसे कई चर्चित अधिकारियों को भी सूची में जगह मिली है। चयनित सभी अधिकारियों को ‘फेम इंडिया’ पत्रिका के आगामी विशेष अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
झारखंड के छह अधिकारियों का इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होना राज्य के लिए गर्व की बात मानी जा रही है। प्रशासनिक विशेषज्ञों का कहना है कि इससे राज्य में बेहतर प्रशासन और जनहित कार्यों को और प्रोत्साहन मिलेगा।