कपड़ा सुखाने के दौरान करंट लगने से महिला की मौत, गांव में पसरा मातम


महुआडांड़: महुआडांड़ प्रखंड क्षेत्र के अंबावाटोली गांव में सोमवार को सुबह 9 बजे एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान फिलीसीता बेगं, पति इग्नासियुस कुजूर, निवासी ग्राम अंबावाटोली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महिला अपने घर में कपड़ा सुखाने का काम कर रही थी। इसी दौरान वह अचानक बिजली की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई।घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक का माहौल है।सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी लेते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को लातेहार भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बिजली सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने और जर्जर तारों की जांच कराने की मांग की है।



