आदित्यपुर से 26 वर्षीय युवक रहस्यमय ढंग से लापता, मां ने थाने में लगाई गुहार


आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र से एक 26 वर्षीय युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक के अचानक घर से गायब हो जाने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। मां ने आरआईटी थाना में लिखित आवेदन देकर बेटे की खोजबीन की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर-2 निवासी सरिता देवी ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया है कि उनका पुत्र विष्णु कुमार (26 वर्ष) बीते 15 मई की शाम करीब 5 बजे घर से निकला था, लेकिन उसके बाद से वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिजनों के अनुसार, घर से निकलते समय विष्णु कुमार ने डीप ग्रे रंग की हाफ टी-शर्ट, ट्राउजर और हवाई चप्पल पहन रखी थी। वह अपने साथ केवल पर्स लेकर निकला था। बताया गया है कि परिवार पिछले छह वर्षों से आदित्यपुर क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा है।
मां सरिता देवी ने आवेदन में पुलिस से बेटे को सकुशल बरामद करने की अपील की है। उन्होंने पहचान के लिए युवक की तस्वीरें भी थाने को उपलब्ध कराई हैं।
इधर, युवक के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के इलाकों में युवक की तलाश की जा रही है।



