टॉपर्स हुए सम्मानित, छात्रों को करियर चुनने का मिला बड़ा मंत्र


सरायकेला-खरसावां : कुचाई स्थित अध्ययन केंद्र में सामाजिक संस्था कोल्हान नितिर तुरतुंग (केटीएन) की ओर से करियर काउंसलिंग सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी गई। इस दौरान मैट्रिक और इंटर परीक्षा के टॉप विद्यार्थियों के साथ होमगार्ड के लिए चयनित युवाओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सरायकेला एसडीपीओ समीर कुमार सवैयां, खरसावां बीडीओ प्रधान माझी, कुचाई बीडीओ साधु चरण देवगम और थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा समेत कई अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि छात्र अपने लक्ष्य पर फोकस रखें, नशे से दूर रहें और समय का सही उपयोग करें। मौके पर पुलिस सेवा, सिविल सर्विसेज, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग, रक्षा क्षेत्र और एनजीओ सेक्टर में रोजगार की संभावनाओं को लेकर भी करियर काउंसलिंग की गई।
समारोह में कुचाई प्रखंड के 12 स्कूलों के मैट्रिक और इंटर टॉपर्स को सम्मानित किया गया। मैट्रिक में जिले के टॉपर रौनक हेंब्रम सहित कई विद्यार्थियों को पुरस्कार दिया गया। वहीं इंटर साइंस और कला संकाय में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।


