गैस टैंकर पलटते ही एनएच-32 पर लगी भीषण आग, मचा हड़कंप


बोकारो : पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के गवाई पुल के पास गुरुवार सुबह एनएच-32 पर एक बड़ा हादसा हो गया। एक 16 चक्का गैस टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और इसके तुरंत बाद उसमें भीषण आग लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सुरक्षा को देखते हुए एनएच-32 पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे लंबा जाम लग गया। प्रशासन ने गवाई पुल से करीब आधा किलोमीटर पहले ही लोगों और वाहनों को रोक दिया ताकि किसी बड़े खतरे से बचा जा सके।
स्थानीय जानकारी के अनुसार टैंकर से गैस रिसाव होने के कारण दबाव कम हो गया, जिससे बड़े विस्फोट की आशंका काफी हद तक टल गई। दमकल विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन हालात पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।


