राम कृष्णा फोर्जिंग कास्टिंग सॉल्यूशन में मजदूरों का प्रदर्शन, रोजगार व सेटलमेंट की मांग तेज


Saraikela : औद्योगिक क्षेत्र स्थित पूर्व की जेएमटी प्राइवेट लिमिटेड, जो अब राम कृष्णा फोर्जिंग कास्टिंग सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड 2 के नाम से संचालित हो रही है, के गेट के समक्ष मंगलवार को पूर्व कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रहा है। उनका कहना है कि जेएमटी बंद होने के बाद जब कंपनी का अधिग्रहण हुआ था, तब प्रबंधन ने पुराने कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर पुनः रोजगार देने का आश्वासन दिया था। हालांकि, तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद उन्हें न तो काम पर रखा गया और न ही किसी प्रकार का सेटलमेंट किया गया।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रबंधन यह कहकर मामले को टाल रहा है कि कंपनी पूरी तरह चालू नहीं हुई है, जबकि उनके अनुसार प्लांट में मशीनें संचालित हो रही हैं और बाहरी राज्यों के लोगों को काम पर लगाया जा रहा है।
इस मुद्दे को लेकर पूर्व में भी कई बार आंदोलन किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। प्रदर्शन में शामिल मजदूरों ने अपनी आर्थिक स्थिति को दयनीय बताते हुए कहा कि परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।
मजदूरों ने बताया कि इस संबंध में वे प्रबंधन से लेकर उपायुक्त और मंत्री तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही रोजगार या उचित सेटलमेंट नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला मजदूर भी शामिल रहीं।


