सरायकेला नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की हड़ताल, तीन सूत्री मांगों को लेकर ठप हुई सफाई व्यवस्था


SARAIKELA: झारखंड के सरायकेला नगर पंचायत में सफाई कर्मियों ने अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इसके चलते पूरे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है और कई इलाकों में कचरा जमा होने लगा है।

धरना प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें नया निर्धारित वेतनमान नहीं दिया जा रहा है और पुराने वेतन का भुगतान भी समय पर नहीं हो रहा है। इसके अलावा आरोप है कि वेतन से पीएफ की कटौती तो की जाती है, लेकिन वह राशि उनके खातों में जमा नहीं होती।
नगर पंचायत कार्यालय के सामने धरना दे रहे कर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इधर नगर पंचायत प्रशासन ने फंड की कमी का हवाला देते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है, लेकिन कर्मी लिखित भरोसे की मांग पर अड़े हुए हैं।


