टनल प्रोजेक्ट में अटका काम, नहीं मिला कोई योग्य कंसल्टेंट… अब फिर से शुरू हुई तलाश


LATEHAR: झारखंड के नेतरहाट टनल रोड प्रोजेक्ट को लेकर पथ निर्माण विभाग को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। विभाग को अब तक इस परियोजना के लिए कोई योग्य कंसल्टेंट नहीं मिल पाया है, जिसके कारण काम आगे नहीं बढ़ सका। मार्च महीने में प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन उपयुक्त विशेषज्ञ नहीं मिलने पर अब फिर से आवेदन मांगे गए हैं।नई प्रक्रिया के तहत 8 मई को प्री-बिड मीटिंग आयोजित होगी, जबकि इच्छुक कंसल्टेंट 19 मई तक आवेदन जमा कर सकेंगे। इसके बाद 20 मई को बिड खोली जाएगी और चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

यह परियोजना घाघरा से नेतरहाट तक सड़क को फोरलेन टूरिस्ट कॉरिडोर में बदलने से जुड़ी है। वर्तमान में संकरी पहाड़ी सड़कों और भारी वाहनों के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। टनल रोड बनने से यात्रा सुरक्षित और आसान होगी, साथ ही पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


