4.75 करोड़ की सड़क योजना का शिलान्यास, निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत पर भड़की विधायक


जमशेदपुर : चांडिल प्रखंड में विकास को गति देने के लिए 4.75 करोड़ रुपये की लागत से चार प्रमुख सड़कों के निर्माण का शिलान्यास किया गया। यह कार्य मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत होगा, जिसमें करीब 7 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण शामिल है। इन सड़कों में सीटी इन होटल से ब्रह्मानंद अस्पताल, बाबनडीह से मानीकुई स्टेशन, चांडिल-कांड्रा रोड से चैनपुर और माठीया रोड से अस्पताल तक के मार्ग शामिल हैं। इस योजना का उद्घाटन बुधवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने किया।कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है और वे अपने वादों को पूरा कर रही हैं। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य पिंकी लायक, झामुमो के केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

शिलान्यास के समय बाबनडीह के ग्रामीणों ने मानीकुई-काटीया सड़क निर्माण में अनियमितता की शिकायत की, जिस पर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद संवेदक प्रदीप साहू को फटकार लगाते हुए गुणवत्तापूर्ण काम करने की चेतावनी दी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


