फैक्ट्री कर्मचारियों का जोरदार हंगामा, 12 घंटे की शिफ्ट और वेतन को लेकर सड़क पर उतरे


हल्द्वानी : हल्द्वानी के मोटाहल्दू औद्योगिक क्षेत्र में एक निजी फैक्ट्री के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मजदूरों ने कामकाज ठप कर गेट पर धरना शुरू कर दिया, जिससे फैक्ट्री परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे तय समय से अधिक काम कराया जा रहा है और वेतन भी पर्याप्त नहीं दिया जा रहा।

प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने बताया कि उन्हें 8 घंटे की जगह 12 घंटे तक काम करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बदले उचित भुगतान नहीं मिल रहा। कई कर्मचारियों ने खराब कार्य परिस्थितियों, कम वेतन और सुविधाओं की कमी का भी आरोप लगाया। इस दौरान कुछ जगहों पर पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। बाद में कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बातचीत के बाद अधिकांश कामकाज फिर से शुरू हो गया, हालांकि कुछ कर्मचारी अभी भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।


