नोएडा बवाल में बड़ा खुलासा, RJD प्रवक्ताओं पर FIR—भ्रामक वीडियो से माहौल भड़काने का आरोप


नोएडा : नोएडा में चल रहे श्रमिक आंदोलन के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की प्रवक्ता प्रियंका भारती और कंचना यादव के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने मध्य प्रदेश की एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर कर उसे नोएडा का बताकर माहौल भड़काने की कोशिश की।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह वीडियो मध्य प्रदेश के शहडोल का है, जहां एक व्यक्ति के साथ पुलिस की मारपीट का मामला था। आरोप है कि इस वीडियो को गलत तरीके से नोएडा के श्रमिक आंदोलन से जोड़कर साझा किया गया। इस मामले में अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स जैसे @ItsKtyni और एक फेसबुक प्रोफाइल पर भी एफआईआर दर्ज की गई है।
बताया गया कि सेक्टर-6 और सेक्टर-1 स्थित मदरसन कंपनी के कर्मचारियों का प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया था, जिसमें सड़क जाम और हिंसा की घटनाएं भी हुईं। पुलिस का कहना है कि इस दौरान भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश की गई, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती थी। मामले में आगे की जांच जारी है।


