फेरी पर चढ़ते वक्त नदी में गिरी बस, 23 की मौत—मची चीख-पुकार और दहशत


ढाका: बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले के दाउलतदिया फेरी टर्मिनल पर एक बड़ा हादसा हो गया, जब करीब 40 से 50 यात्रियों को लेकर जा रही बस फेरी पर चढ़ते समय अचानक पद्मा नदी में गिर गई। यह दुर्घटना शाम करीब 5:15 बजे हुई, जब बस नियंत्रण खो बैठी और सीधे पानी में जा गिरी। बताया जा रहा है कि एक छोटे जहाज के पॉन्टून से टकराने के बाद यह हादसा हुआ, जिससे चालक संतुलन नहीं बना सका। इस हादसे में अब तक कम से कम 23 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। कुछ यात्री तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई लोग बस के अंदर फंस गए। बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया, जिसमें फायर सर्विस, गोताखोर, पुलिस और अन्य टीमें जुटी हुई हैं। नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं।



