पत्नी को इंजेक्शन देकर हत्या का आरोप, 4 महीने की शादी के बाद खौफनाक वारदात


गुरुग्राम : एक 23 वर्षीय नवविवाहिता नर्स की संदिग्ध हालात में मौत के बाद पति पर हत्या का आरोप लगा है। मृतका की पहचान काजल के रूप में हुई है, जो गढ़ी हरसरू गांव की रहने वाली थी। परिवार का आरोप है कि उसके पति अरुण शर्मा ने उसे जहरीला इंजेक्शन देकर मार डाला। पुलिस को घर के बाथरूम से एक सिरिंज भी बरामद हुई है और मामले में दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।


बताया गया कि काजल की शादी चार महीने पहले गाजियाबाद निवासी अरुण शर्मा से हुई थी। वह एक निजी अस्पताल में नर्स थी, जबकि उसका पति एक्स-रे टेक्नीशियन था। कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद काजल अपने मायके आ गई थी। घटना के दिन पति ने उसे नीचे बुलाया, जिसके थोड़ी देर बाद वह गंभीर हालत में मिली और उसकी नाक से खून बह रहा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मौत के कारण का पता विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



