अश्लील सीडी विवाद में गरमाई सियासत, सरयू राय ने जांच पर उठाए गंभीर सवाल


जमशेदपुर :पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय ने कथित अश्लील सीडी मामले को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि जांच प्रक्रिया में गड़बड़ी की जा रही है और सच सामने नहीं लाया जा रहा।
सरयू राय ने कहा कि जिस समय वीडियो जनता के बीच वायरल हुआ था, वह पूरी तरह साफ था। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि वह वीडियो फॉरेंसिक जांच के लिए किसने भेजा। उन्होंने दावा किया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले को दबाने की कोशिश की गई। राय के अनुसार वीडियो को फॉरवर्ड के जरिए किसी रंजन नामक व्यक्ति ने पुलिस तक पहुंचाया, लेकिन जांच की दिशा स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि विधानसभा में गलतबयानी हो रही है तो यह विशेषाधिकार हनन और अवमानना का मामला बनता है। इस मुद्दे को लेकर झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राय ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को छोड़ने वाले नहीं हैं।
एक बयान में उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में इस प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जब उन्होंने विधानसभा में सवाल उठाया तो जवाब मिला कि जांच जारी है और वीडियो क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
राय ने कहा कि 21 फरवरी 2026 को उन्होंने दोबारा इस विषय को सदन में उठाया। सरकार की ओर से बताया गया कि फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि उनका दावा है कि रिपोर्ट आठ महीने पहले ही संबंधित न्यायिक अदालत में जमा की जा चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस रिपोर्ट को सदन में प्रस्तुत नहीं कर रही है। राय के मुताबिक फॉरेंसिक जांच में यह भी कहा गया कि वीडियो इतना धुंधला है कि यह तय नहीं किया जा सकता कि वीडियो असली है या एडिट किया गया है।
सरयू राय ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर मांग की है कि सदन में गलत जानकारी देने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और अवमानना की कार्रवाई की जाए। इस पूरे मामले ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।




