आम मरीजों को नहीं मिल रहा अल्ट्रासाउंड का लाभ, चांडिल सीएचसी में एक साल बाद भी सीमित सुविधा


चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन का लाभ आम मरीजों को अब तक पूर्ण रूप से नहीं मिल पा रहा है। करीब एक वर्ष पूर्व उद्घाटन के बावजूद यहां अल्ट्रासाउंड जांच केवल गर्भवती महिलाओं तक सीमित है, जिससे अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।गौरतलब है कि 21 फरवरी 2025 को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ और विधायक सविता महतो ने लगभग 17 लाख रुपये की लागत से स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के बाद उम्मीद की जा रही थी कि क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर जांच सुविधा मिलेगी, लेकिन एक वर्ष बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. पूरे जिले में मात्र एक ही रेडियोलॉजिस्ट हैं। वही समय-समय पर चांडिल सीएचसी में जांच के लिए आते हैं। विशेषज्ञ की कमी के कारण नियमित रूप से सभी प्रकार की अल्ट्रासाउंड जांच संभव नहीं हो पा रही है। परिणामस्वरूप अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जमशेदपुर या अन्य शहरों के निजी अस्पतालों में महंगे खर्च पर जांच करानी पड़ रही है।सीएचसी में अल्ट्रासाउंड जांच के लिए अलग कक्ष उपलब्ध नहीं है। पिछले एक वर्ष से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के कक्ष में ही जांच की जा रही है। पूरे अनुमंडल में गर्भवती महिलाओं की जांच केवल चांडिल सीएचसी में ही हो रही है, जिससे यहां अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट की कमी और सीमित संसाधनों के कारण आम मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन गई है कि मशीन उपलब्ध होने के बावजूद उसका पूर्ण लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है.




