मानगो नगर निगम की अनियमितताओं के खिलाफ जदयू का विशाल धरना, सीएम हेमंत सोरेन पर लगाए गंभीर आरोप


जमशेदपुर : जमशेदपुर में जनता दल यूनाइटेड की जमशेदपुर महानगर इकाई की ओर से मानगो नगर निगम में व्याप्त अनियमितताओं और जन समस्याओं को लेकर एक विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने का नेतृत्व जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने किया।

धरना स्थल से संबोधित करते हुए सुबोध श्रीवास्तव ने मानगो क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जन समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया और इस पूरे मामले के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने हेमंत सोरेन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मानगो नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के सभी 36 वार्डों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी बुनियादी सुविधाएं आम लोगों को नहीं मिल पा रही हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और अधिकारी समस्याओं के समाधान के प्रति उदासीन बने हुए हैं।
जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जनता दल यूनाइटेड विपक्ष में होने के कारण जानबूझकर मानगो क्षेत्र में जन सुविधाओं पर रोक लगाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब राज्य सरकार के इशारे पर किया जा रहा है, जिससे आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
धरना प्रदर्शन के दौरान जदयू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया गया और जन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो पार्टी को नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी जैसे कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
धरने में बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की।



