मां,बहन और भाई को धतूरे वाला लड्डू खिलाकर ले ली जान


दिल्लीः दिल्ली के ईस्ट लाजपत नगर में एक 23 साल का युवक यशबीर सिंह ने अपने परिवार के खिलाफ सनसनीखेज कदम उठाया। उसने कथित रूप से अपनी मां, बहन और छोटे भाई को धतूरा-मिला खाना खिलाकर बेहोश किया और फिर घर में गला घोंटकर हत्या कर दी। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद यशबीर सीधे लाजपत नगर थाने पहुंच गया और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, यशबीर ने पूछताछ में बताया कि उसका परिवार गंभीर आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। उसके पिता, जो ट्रक ड्राइवर हैं, पिछले छह महीने से परिवार के साथ नहीं रह रहे थे।
आरोपी ने बताया कि उसने लगभग 1.5 करोड़ रुपये की टर्म लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी ली थी। पिछले दो महीने में उसने कई बार अपनी जान लेने की कोशिश की, जैसे दुर्घटनाओं का मंचन करना, सांप के काटने का नाटक और हवा की इंजेक्शन लगाना, लेकिन कोई तरीका सफल नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कहा कि उसकी मां ने उससे एक दिन पहले कहा था कि अगर वह मरना चाहता है तो पहले परिवार को मार दे और फिर परिणाम भुगते। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।पुलिस ने बताया कि आरोपी के खुलासे के अनुसार, वह सोमवार सुबह यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन के पास एक मंदिर में गया, पास के एक पौधे से धतूरे के बीज इकट्ठा किए और उसके लड्डू बनाए. इसके बाद उसने कथित तौर पर अपनी मां 46 साल की कविता, 24 साल की बहन मेघना और 14 साल के भाई मुकुल को ये लड्डू खिलाए. पुलिस ने बताया कि परिवार के तीनों सदस्यों के बेहोश हो जाने के बाद, आरोपी ने कथित तौर पर दोपहर 1:30 बजे से 2 बजे के बीच घर पर ही मफलर से उनका गला घोंट दिया. पुलिस ने आगे बताया कि मां और भाई-बहनों की हत्या करने के बाद यशबीर कथित तौर पर पुलिस स्टेशन आया और सरेंडर कर दिया.घटना के समय उसकी पत्नी घर पर नहीं थी लेकिन उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है. घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया गया है और फोरेंसिक टीमों को घटनास्थल की जांच करने, सबूत इकट्ठा करने और मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए तैनात किया गया है.




