राष्ट्रपति के आने की चमक पड़ने लगी फीकी, आदित्यपुर में फिर से अतिक्रमण का खेल शुरू…


आदित्यपुर:- राष्ट्रपति के हालिया दौरे के दौरान जिस आदित्यपुर को प्रशासन ने चकाचक और अतिक्रमण-मुक्त बनाने का दावा किया था, वही तस्वीर अब फिर धुंधली पड़ती नजर आ रही है। राष्ट्रपति के प्रस्थान के कुछ ही दिनों बाद शहर की सड़कों और फुटपाथों पर दोबारा अतिक्रमण का खेल फिर से शुरू हो गया है, जिससे आम जनता में नाराजगी देखी जा रही है।
आकाशवाणी चौक से लेकर एनआईटी गेट, आरआईटी थाना क्षेत्र और प्रमुख बाजारों में फुटपाथ पर ठेले, अस्थायी दुकानें और अवैध कब्जे फिर से जम गए हैं। इससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रपति के आगमन से पहले प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमण हटाया था, लेकिन यह कार्रवाई केवल दिखावटी साबित हुई। जैसे ही वीवीआईपी कार्यक्रम समाप्त हुआ, वैसे ही अतिक्रमणकारियों ने फिर से सड़क किनारे कब्जा जमा लिया। नागरिकों का आरोप है कि नगर निगम और पुलिस की नियमित निगरानी के अभाव में स्थिति जस की तस बनती जा रही है।
वहीं, फुटपाथी दुकानदारों का कहना है कि उनका यही रोज़गार का एकमात्र साधन है और स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना उन्हें हटाना उचित नहीं। हालांकि, आमजन का सवाल है कि जब विशेष अवसरों पर सख्ती हो सकती है, तो स्थायी समाधान क्यों नहीं?
कुल मिलाकर, आदित्यपुर में अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर प्रशासन के लिए चुनौती बनकर खड़ी हो गई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन केवल वीआईपी दौरों तक ही सख्ती दिखाता है या आम दिनों में भी शहर को अतिक्रमण-मुक्त रखने के लिए ठोस कदम उठाता है।




