IIT हैदराबाद के 21 साल के छात्र ने रचा इतिहास


Hyderabad: भारत में हर साल कई युवाओं को ऐसे सैलरी पैकेज ऑफर होते हैं, जिन्हें सुनकर लोगों का दिमाग घूम जाता है. ऐसे मामले सबसे ज्यादा देशभर के अलग-अलग IIT से आते हैं. ऐसा ही एक ऑफर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) हैदराबाद के एक छात्र को मिला है, जिसने अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. IIT हैदराबाद के कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के छात्र एडवर्ड नाथन वर्गीस को नीदरलैंड की एक ग्लोबल ट्रेडिंग कंपनी ऑप्टिवर (Optiver) ने 2.5 करोड़ रुपये पैकेज ऑफर किया है. एडवर्ड नाथन वर्गीस को मिले इस ऑफर ने आईआईटी हैदराबाद के इतिहास के अब तक के सबसे बड़े पैकेज का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इससे पहले संस्थान का सबसे बड़ा पैकेज साल 2017 में 1.1 करोड़ रुपये रहा था. इस सैलरी पैकेज की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है और लोग छात्र की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं. एडवर्ड ने जेईई मेन में 1100वीं और जेईई एडवांस में 558वीं रैंक हासिल की थी. इसके अलावा उन्होंने CAT परीक्षा में 99.96 पर्सेंटाइल भी स्कोर किया. अपनी इस सफलता का श्रेय वह IIT के मजबूत सिलेबस और कोडिंग के प्रति अपने जुनून को देते हैं. उनके माता-पिता भी इंजीनियर हैं, जिससे उन्हें पढ़ाई का अच्छा माहौल मिला.आज के समय में जब देश-दुनिया में नौकरी का बाजार चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है, ऐसे में किसी छात्र को करोड़ों का पैकेज मिलना लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन जाता है.




