ऑटो क्लस्टर में हुआ कृषि एवं वनोपज आधारित रिवर्स बॉयर सेलर मीट


Saraikela: भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर उद्योग विभाग, झारखंड सरकार एवं सरायकेला–खरसावाँ जिला प्रशासन के संयुक्त आयोजन में आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर के सभागार में कृषि एवं वनोपज आधारित रिवर्स बॉयर सेलर मीट का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिधकोफेड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एवं आईएएस अधिकारी शशि रंजन सिंह ने कहा कि कृषि एवं वनोपज क्षेत्र में मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग एवं विपणन नेटवर्क को सुदृढ़ करना समय की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि झारखंड के लाह, इमली बीज, हरी मिर्च, महुआ और अन्य वनोपज राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विशिष्ट पहचान बना सकते हैं यदि तकनीकी, गुणवत्ता एवं पैकेजिंग के मानकों से जोड़ा जाए. उन्होंने कहा कि जिला में सक्रिय एफपीओ एवं लैम्प्स को सामूहिक रूप से कार्य करने पर जोर दिया ताकि किसानों को उचित मूल्य मिले और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त बने. खाद्य प्रसंस्करण, मूल्य वर्धन, बाजार संपर्क एवं निर्यातोन्मुख कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. कार्यक्रम के दौरान लाह, इमली बीज एवं हरी मिर्च के क्रय-विक्रय हेतु कुल 6 आशय पत्र (एलओआई) पर एफपीओ/लैम्प्स एवं खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों के बीच हस्ताक्षर किए गए. यह पहल किसानों एवं उत्पादक समूहों को सीधे बाजार से जोड़ने तथा कृषि आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. कार्यक्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन किसानों, उत्पादक समूहों एवं उद्यमियों को साझा मंच प्रदान करते हैं, जिससे वे बड़े बाजार से अपने उत्पाद जोड़ सकें और जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई दिशा लाएँ. उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से प्राप्त अनुभवों एवं समझौतों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए ताकि जमीनी स्तर पर इसका प्रभाव दिखे. कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रविशंकर प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, एफपीओ प्रतिनिधि, उत्पादक समूह, उद्यमी और किसान उपस्थित थे. उद्योग विभाग, कृषि विभाग, जिला उद्योग केंद्र, जेएसएलपीएस, एपीडा तथा स्थानीय प्रशासन के योगदान को इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सराहा गया.




