मझगांव में 18 टीबी मरीजों को मिला पोषाहार बास्केट

मझगांव : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की पहल ‘प्रोजेक्ट जागृति – एक कदम बेहतर स्वास्थ्य की ओर’ के तहत शनिवार को मझगांव प्रखंड स्थित जेएसएलपीएस कार्यालय में टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 18 नए टीबी मरीजों के बीच पोषाहार बास्केट का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम ‘निक्षय मित्र’ पहल के तहत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार करना है।


कार्यक्रम में अधिकारियों ने मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने और उपचार का पूरा कोर्स करने की सलाह दी। उन्होंने परिवार के सदस्यों से भी मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग बनाए रखने की अपील की। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सनातन चातार ने कहा कि इस पहल से मरीजों को उपचार के दौरान राहत मिलेगी और उनका पोषण स्तर बेहतर होगा। स्वास्थ्य कर्मियों ने मरीजों को पोषण, साफ-सफाई और नियमित जांच के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय रंजन तिर्की, अंचल अधिकारी विजय हेमराज खालको, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सनातन चातार, वरीय चिकित्सा पर्यवेक्षक मझगांव नसीब कुमार पिंगुवा और जेएसएलपीएस से श्री दिलीप कुमार घोषाल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।


