पंचायतों के विकास पर खर्च होंगे 1.35 करोड़ रुपये, सड़क-नाली समेत कई निर्माण कार्यों की तैयारी

धनबाद : ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला परिषद ने 1.35 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर काम शुरू करने की तैयारी की है। इसके तहत गोविंदपुर, बाघमारा, निरसा, तोपचांची और टुंडी समेत विभिन्न प्रखंडों में सड़क, नाली, गार्डवाल, चहारदीवारी और पुस्तकालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। जारी कार्य सूचनाओं के अनुसार, बाघमारा प्रखंड की तारंगा बस्ती में करीब 9.03 लाख रुपये की लागत से पुस्तकालय भवन बनेगा। वहीं, बागड़ा पंचायत में बुलान तालाब से कब्रिस्तान तक करीब 24.25 लाख रुपये खर्च कर पीसीसी सड़क बनाई जाएगी।

निरसा हटिया के पास स्थित जिला परिषद मार्केट परिसर के विकास की भी योजना है। यहां करीब 19.64 लाख रुपये की अनुमानित लागत से चारों ओर चहारदीवारी, कंसर्टिना वायर, हाईमास्ट लाइट और नाली का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा विभिन्न पंचायतों में जल निकासी के लिए नालियों, गार्डवाल और अन्य जरूरी आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा।
जिला परिषद ने इन विकास योजनाओं को पूरा करने के लिए तीन महीने की समयसीमा निर्धारित की है। योजनाओं के तहत जर्जर रास्तों को पीसीसी सड़क में बदला जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। वहीं, नाली और अन्य निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार होने की संभावना है।


