मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर शहर में तैयारी तेज, 3732 परीक्षार्थियों के लिए 10 केंद्र तय



जमशेदपुर : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मेधा छात्रवृत्ति योजना-2026 को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं. इस परीक्षा के लिए शहर में कुल 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां इस वर्ष 3732 परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षा 31 मई को आयोजित की जाएगी.

प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार साकची स्थित सेंट्रल करीमिया हाई स्कूल को सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां 624 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है. परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी केंद्रों पर केंद्राधीक्षकों की नियुक्ति कर उनके नाम और मोबाइल नंबर विभाग को सौंप दिए गए हैं. निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित जानकारी की प्रति उपायुक्त को भी भेजी गई है.
इस योजना के तहत सफल छात्रों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर साल 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है, यानी कुल 48,000 रुपये की आर्थिक सहायता. यह लाभ सरकारी, राजकीयकृत, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और मॉडल स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 8वीं के छात्रों को मिलता है, जिसमें हर कक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है. शहर में परीक्षा के लिए टाटा वर्क्स यूनियन प्लस टू उवि कदमा, गुरु नानक उच्च विद्यालय मानगो और साकची, सीतारामडेरा प्लस टू हाई स्कूल, सेंट्रल करीमिया उच्च विद्यालय, राजस्थान विद्या मंदिर, डीबीएमएस गर्ल्स उवि, शारदामणि बालिका उवि, कबीर मेमोरियल उर्दू उवि और हरिजन उच्च विद्यालय भालुबासा सहित 10 केंद्र बनाए गए हैं.


