दो गुटों की भिड़ंत में युवक की मौत, धारदार हथियार से हमले के बाद इलाके में तनाव



सरायकेला-खरसावां : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस संघर्ष में स्थानीय निवासी गौतम मुंडा की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है।जानकारी के अनुसार, शिवनारायणपुर मैदान के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों के युवकों में विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और एक पक्ष के लोगों ने गौतम मुंडा पर धारदार हथियार और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर गिर पड़ा।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल गौतम को गंगोत्री नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।




