एचईसी को बंद कर सस्ते में बेचने की साजिश का आरोप, मजदूरों ने राज्यपाल से मांगा हस्तक्षेप

रांची : एचईसी के भविष्य को लेकर बुधवार को मजदूर संगठनों ने केंद्र और राज्य सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की। हटिया मजदूर यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने एचईसी मुख्यालय के सामने कामगारों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार एनसीएलटी प्रक्रिया के माध्यम से एचईसी को बंद कर कम कीमत पर नीलाम करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से ही कंपनी को बेचने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि हजारों करोड़ रुपये की इस औद्योगिक इकाई को औने-पौने दाम पर निजी हाथों में सौंपा जा सके। उन्होंने इस मामले में राज्य सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। सभा की अध्यक्षता रामकुमार नायक ने की। इस दौरान लीलाधर सिंह, रमाशंकर, एसजे मुखर्जी और भोला साव समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


दूसरी ओर, एचईसी पर मंडरा रहे संकट और कर्मचारियों के महीनों से लंबित वेतन के मुद्दे को लेकर एचईसी मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की। लोकभवन में संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद और सचिव विकास तिवारी ने उन्हें मांग पत्र सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने एनसीएलटी प्रक्रिया के तहत नियुक्त आईआरपी अधिकारियों की कार्यशैली और उनके फैसलों से संयंत्र के संचालन पर पड़ रहे असर की जानकारी भी दी। रमाशंकर प्रसाद ने बताया कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति बन गई है।
संघ के सचिव विकास तिवारी ने एचईसी को बचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार से ठोस पहल करने की मांग की। संगठन ने कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान कराने, एचईसी को कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराने और संयंत्र को बचाने के लिए दोनों सरकारों से मिलकर प्रयास करने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में सुबोध यादव, नीरज तिवारी और रविंद्र शर्मा समेत अन्य सदस्य शामिल थे।


