महिला अधिवक्ता की संदिग्ध मौत, पति और सास-ससुर पर दहेज हत्या का आरोप

हजारीबाग : झारखंड हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में उनके पिता सुनील कुमार चक्रवर्ती ने पति रुद्र राणा, ससुर दिनेश राणा और सास रीना राणा पर दहेज के लिए शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना करने तथा हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पिता के अनुसार, अनुष्का की शादी 4 मार्च 2024 को हुई थी। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। इस संबंध में पहले सामाजिक स्तर पर समझौते की कोशिश भी हुई थी।

परिजनों के मुताबिक, 21 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे अनुष्का ने फोन कर रोते हुए बताया था कि ससुराल में उसके साथ मारपीट की जा रही है। रात करीब 2:40 बजे उसकी मां ने दोबारा फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पड़ोसियों से संपर्क किया। हजारीबाग पहुंचने पर कमरा खुलवाया गया, जहां अनुष्का का शव पंखे से लटका मिला और उनके पैर जमीन को छू रहे थे।
बड़ा बाजार थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर के अनुसार, घटना के बाद से पति और सास-ससुर फरार हैं तथा उनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। परिजनों ने इसे दहेज के लिए हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


