14 वर्षीय किशोरी के प्रसव के बाद मृत शिशु दफनाने का आरोप, महिला गिरफ्तार; POCSO में केस






सिमडेगा : मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के गर्भवती होने और प्रसव के बाद मृत शिशु को कथित रूप से छिपाकर दफनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 40 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घर के आंगन की खुदाई कर दफन किया गया मृत शिशु बरामद किया गया। मौके से एक कुदाल भी जब्त की गई है। एसडीपीओ धर्मदेव पासवान के अनुसार मामला 22 अगस्त को सामने आया था, जिसके बाद किशोरी की मां ने सदर अस्पताल में पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया।


किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि उन्हें करीब 10 दिन पहले बेटी के गर्भवती होने की जानकारी मिली थी। मामले की पूछताछ में एक नाबालिग लड़के से संबंधित तथ्य भी सामने आए। आरोप है कि लड़के की मां दोनों की शादी कराने की बात कह रही थी। शिकायत के अनुसार 19 अगस्त को किशोरी ने अपनी मां को बताया कि उसे कथित रूप से गर्भपात कराने के उद्देश्य से जड़ी-बूटी की दवा दी गई थी और इस बारे में किसी को बताने से मना किया गया था। इसके बाद किशोरी ने करीब छह माह के मृत शिशु को जन्म दिया।
आरोप है कि इसके बाद संबंधित महिला मृत शिशु को अपने साथ ले गई और परिवार या पुलिस को जानकारी दिए बिना अपने घर के आंगन में दफना दिया। बाद में किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने 22 अगस्त को उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद महिला को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
किशोरी की मां के बयान पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 21/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और POCSO Act की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की है। एसपी श्रीकांत एस. खोटरे के निर्देश पर पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


