मतदाता सूची मैपिंग 70 प्रतिशत पूरी, शहरी क्षेत्रों पर फोकस बढ़ाने के निर्देश

0
Advertisements
Advertisements

रांची : रांची में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शनिवार को निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ और उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ मतदाता सूची मैपिंग की समीक्षा बैठक की।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

बैठक में बताया गया कि राज्य में पिछले गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से वर्तमान मतदाता सूची की मैपिंग का कार्य लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने शेष कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शहरी क्षेत्रों में मैपिंग कार्य को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए सरकारी कार्यालयों में विशेष कैंप लगाकर पदाधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं को सहायता मिल सके।

राज्य के बाहर से आए मतदाताओं के लिए उनके मूल राज्य की पूर्व मतदाता सूची से मैपिंग कर अलग रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं (ASDD) का डिजिटलीकरण जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य यह होना चाहिए कि कोई भी पात्र भारतीय मतदाता सूची से वंचित न रहे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी स्टीकरों पर बीएलओ का नाम, मतदान केंद्र संख्या, विधानसभा क्षेत्र और मोबाइल नंबर अंकित कर संबंधित क्षेत्रों में लगाने और इसका व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के 1950 टॉल फ्री नंबर और ‘बुक ए कॉल’ सुविधा के प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया गया।

मैपिंग प्रक्रिया में निर्धारित आठ चेकपॉइंट का सख्ती से पालन करने को कहा गया, ताकि भविष्य में गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। मतदाता पहचान पत्र की गुणवत्ता सुधारने के लिए बीएलओ को मोबाइल से फोटो अपलोड करने का प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए।

See also  टाटा स्टील प्लांट में बड़ी चोरी नाकाम, 100 किलो कॉपर के साथ चोर पकड़ा गया

इसके अलावा 28 जनवरी से 6 फरवरी तक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट-2 के प्रशिक्षण को सुनिश्चित करने, अन्य राज्यों से आए दस्तावेजों का उसी दिन सत्यापन करने और अवकाश के दिनों में भी रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाने को कहा गया।

बैठक में बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा, नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर और अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के अधिकारी ऑनलाइन जुड़े रहे।

Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed