दिल्ली में झारखंड के किसानों की आवाज: रानी ठाकुर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से की अहम मुलाकात


जमशेदपुर : भाजपा प्रदेश झारखंड किसान मोर्चा के सहकारिता प्रकोष्ठ की सह संयोजक डॉ. रानी ठाकुर ने दिल्ली में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर से शिष्टाचार मुलाकात की।

इस मुलाकात में झारखंड के किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. ठाकुर ने राज्य के किसानों के सामने आ रही चुनौतियों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने कहा कि किसानों को पर्याप्त कृषि संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है। साथ ही उचित समर्थन मूल्य, बेहतर सिंचाई व्यवस्था और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
डॉ. ठाकुर ने कहा कि झारखंड के किसान कई स्तरों पर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा किसानों के हित में शुरू की गई वीजी राम जी योजना पर भी चर्चा की गई। डॉ. ठाकुर ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसानों तक इसका लाभ पहुंचाया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने आश्वासन दिया कि भाजपा किसान मोर्चा किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि झारखंड के किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
इस मुलाकात को किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। झारखंड भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू समेत कई पदाधिकारियों ने इस प्रयास की सराहना की है।



