ठंड बढ़ते ही वायरल बीमारियों का प्रकोप बढ़ा, अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की भीड़

धनबाद : तापमान में गिरावट के साथ ही जिले में वायरल बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल और सदर अस्पताल की ओपीडी में सर्दी, खांसी, बुखार और बदन दर्द की शिकायत लेकर रोज 40 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी शामिल हैं। कुछ मरीज तेज बुखार और बदन दर्द से परेशान हैं, जबकि कई लोग पेट दर्द, सिर दर्द और सर्दी-खांसी की शिकायत कर रहे हैं। डॉक्टर जांच के बाद मरीजों को दवाएं दे रहे हैं और आराम करने, पर्याप्त पानी पीने तथा ठंड से बचने की सलाह दे रहे हैं।


धनबाद मेडिकल अस्पताल के औषधि विभाग के प्रमुख डॉ. यूके ओझा ने बताया कि तापमान में अचानक गिरावट से संक्रमण तेजी से फैल रहा है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में मधुमेह और उच्च रक्तचाप के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। इस दौरान मस्तिष्क की रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने से ब्लड प्रेशर बढ़ने और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा रहता है। ऐसे मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
डॉ. ओझा ने मधुमेह और रक्तचाप के मरीजों को धूप निकलने के बाद हल्की सैर करने, सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने और गर्म पानी, घर का बना सूप व गर्म खाद्य पदार्थ लेने की सलाह दी। बच्चों और बुजुर्गों को शाम होते ही गर्म कपड़े पहनाने तथा सिर और कान ढंककर रखने को कहा गया है। सर्दी-बुखार होने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श लेने की सलाह दी गई है।


