सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, डीसी से लगाई कार्रवाई की गुहार

जमशेदपुर : पोटका प्रखंड के कोवाली पंचायत अंतर्गत कूटसुरी गांव के ग्रामीणों ने सार्वजनिक रास्ते पर कथित अतिक्रमण और सड़क निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने के विरोध में उपायुक्त (डीसी) को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने वर्षों पुराने सार्वजनिक रास्ते पर खूंटा गाड़कर जबरन अतिक्रमण कर लिया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत निधि से स्वीकृत पीसीसी सड़क निर्माण का कार्य भी अतिक्रमण के कारण प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि 28 जून को सड़क निर्माण का शिलान्यास किया गया था, लेकिन इसके बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने शिलापट्ट को क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, प्रभारी मुखिया को कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा पीसीसी सड़क निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने की मांग की है। इस दौरान जिला परिषद सदस्य सविता सरदार, प्रभारी मुखिया काजल बारीक, भाजपा नेता गणेश सरदार, मनोज सरदार, सचिन बारीक, गौरांगों महाकुड़, ललिता बारीक, अमल बारीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


