राष्ट्रीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी के लिए पलामू के दो विद्यार्थियों का चयन, पुडुचेरी में करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व

मेदिनीनगर : विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में पलामू के दो विद्यार्थियों ने उपलब्धि हासिल की है। एनसीईआरटी, नई दिल्ली की ओर से आयोजित 53वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी के लिए राजकीयकृत स्तरोन्नत प्लस टू उच्च विद्यालय, रामगढ़ के छात्र अल्तमस राजा और फैजान राजा का चयन हुआ है। दोनों विद्यार्थी 14 और 15 दिसंबर 2026 को पुडुचेरी में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस चयन से जिले के शिक्षा जगत में उत्साह है।


जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि अल्तमस राजा कक्षा 10वीं और फैजान राजा कक्षा आठवीं के विद्यार्थी हैं। उन्होंने दोनों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर पलामू और झारखंड का नाम रोशन करेंगे। सहायक जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार सिंह के अनुसार, लगातार तीसरे वर्ष पलामू के विद्यार्थियों का इस प्रदर्शनी के लिए चयन हुआ है। प्रतियोगिता में कक्षा छह से 10वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं। चयन प्रक्रिया विद्यालय स्तर से शुरू होकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचती है। चयनित विद्यार्थियों के साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को भी मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।
जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग एक्का ने बताया कि 20 अगस्त 2026 को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 83 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं गणित’ था। इसके सात उपविषयों के तहत विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक परियोजनाएं और नवाचार प्रस्तुत किए थे। प्रत्येक उपविषय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिला। इसी चयन प्रक्रिया के बाद अल्तमस राजा और फैजान राजा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे। एरिया ऑफिसर साकेत तिवारी समेत शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारियों ने भी दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।


