टाटा स्टील वर्क्स में तांबे के केबल चोरी की दो कोशिशें नाकाम, एक आरोपी पकड़ा गया

जमशेदपुर : टाटा स्टील वर्क्स परिसर के कोल यार्ड केबल टनल और एलडी-1 क्षेत्र में अलग-अलग समय पर कीमती तांबे के केबल काटकर चोरी करने की दो कोशिशें की गईं। सुरक्षा विभाग की सतर्कता से दोनों प्रयास नाकाम हो गए और करीब 2.05 लाख रुपये मूल्य के तांबे के केबल को चोरी होने से बचा लिया गया। इस दौरान एक आरोपी को रंगेहाथ पकड़ा गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान जुगसलाई निवासी मो. बाबू के रूप में हुई है। सुरक्षा कर्मियों ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी की कोशिश में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
टाटा स्टील परिसर में इससे पहले भी कीमती उपकरणों और केबलों को निशाना बनाने की घटनाएं सामने आई हैं। पिछले दिनों सुरक्षा विभाग की विशेष कार्रवाई में कई चोर रंगेहाथ पकड़े गए थे और उनके पास से चोरी का माल बरामद हुआ था। परिसर में लगातार निगरानी और सुरक्षा टीम की सक्रियता से बहुमूल्य संपत्ति को नुकसान से बचाने में मदद मिल रही है।


