तीन दिवसीय बैंक हड़ताल स्थगित, 5-डे बैंकिंग के लिए बनेगी हाई लेवल कमेटी

जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत देशभर के बैंक ग्राहकों और कारोबारियों के लिए राहत की खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल और अन्य आंदोलनकारी कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिये हैं। 27 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे भारतीय बैंक संघ (IBA) और UFBU के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया। इसके बाद बिष्टुपुर, साकची, गोलमुरी, टेल्को समेत पूरे कोल्हान में बैंकों का कामकाज सामान्य रूप से चलेगा और महीने के अंतिम दिनों व त्योहारी कारोबारी सीजन में प्रस्तावित हड़ताल का बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय लेन-देन पर असर नहीं पड़ेगा।


बैठक में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के मुद्दे पर IBA और UFBU की संयुक्त हाई लेवल कमेटी बनाने पर सहमति बनी। कमेटी बैंकों में बाकी बचे सभी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के प्रस्ताव पर ग्राहकों के हितों और संबंधित पक्षों की राय को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी। स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को लेकर यूनियनों की चिंताओं पर भी IBA के साथ चर्चा होगी और आवश्यक संशोधन के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही गयी है। साथ ही 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज कर्मचारियों के शेष मुद्दों के जल्द समाधान पर बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है।
UFBU में AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBOC और INBEF समेत प्रमुख बैंक कर्मचारी संगठन शामिल हैं। यूनियनों के अनुसार, बैठक में हुई सहमति और आगे की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी अलग सर्कुलर के माध्यम से साझा की जायेगी। रिंटू कुमार रजक ने बताया कि रात 9.30 बजे हुई बैठक में देशहित और ग्राहकों की असुविधा को देखते हुए पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य दिवस और PLI के मुद्दे का जल्द समाधान करने का आश्वासन मिला, जिसके बाद आगामी तीन दिनों की हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया। हड़ताल टलने से उद्योग जगत, थोक और खुदरा कारोबारियों, आम ग्राहकों और वेतनभोगियों को राहत मिली है।


