टेल्को गुरुद्वारा में तीस साल पुरानी परंपरा जारी, बलविंदर सिंह को फिर से प्रधान नियुक्त किया गया


जमशेदपुर : शहर के टेल्को गुरुद्वारा में सिख समाज की तीन दशक पुरानी परंपरा को जारी रखते हुए गुरुद्वारा कमेटी ने सरदार बलविंदर सिंह को फिर से प्रधान (हेड) के पद पर नियुक्त किया है। यह निर्णय रविवार को आयोजित साप्ताहिक दीवान और एजीएम में संगत की सहमति से लिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत गुरुद्वारा के दीवान में हुई, जहां अध्यक्ष सरदार गुरमीत सिंह तोते ने कमेटी के पिछले तीन वर्षों के कार्यों और विकास को बताया। इसके बाद संगत का मत लिया गया कि क्या वे वर्तमान प्रधान बलविंदर सिंह को अगले तीन साल के लिए फिर से नेतृत्व सौंपना चाहते हैं। संगत ने “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल, फतेह” के उद्घोष के साथ उनके नेतृत्व को पुनः मंजूरी दी। लगभग 100 से अधिक संगत सदस्यों ने लिखित प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर समर्थन जताया।
बलविंदर सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले तीन वर्षों में भी वे संगत के आशीर्वाद और वरिष्ठ सदस्यों के मार्गदर्शन से सेवा कार्य जारी रखेंगे। उन्होंने समुदाय के विकास और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर ट्रस्टी राम किशन सिंह, अजीत सिंह, बलकार सिंह नागौके सहित कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। संगत ने नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु घर की सेवा सामूहिक सहयोग से ही संभव है।



