सुबह दिखाई देने वाले ये 4 लक्षण संकेत दे सकते हैं बढ़े हुए शुगर लेवल का, समय रहते जानिए बचाव के उपाय…



लोक आलोक सेंट्रल डेस्क:डायबिटीज यानी शरीर में ब्लड शुगर का बढ़ना, एक ऐसी बीमारी है जो अगर एक बार हो जाए, तो जीवन भर साथ रहती है। इसे केवल कंट्रोल किया जा सकता है, पूरी तरह से ठीक नहीं किया जा सकता। यह एक साइलेंट किलर है, जो धीरे-धीरे शरीर के दूसरे अंगों को भी नुकसान पहुंचाने लगती है। अक्सर लोग डायबिटीज के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर खतरनाक साबित हो सकते हैं। खासकर सुबह के समय कुछ संकेत ऐसे होते हैं, जो हाई ब्लड शुगर की तरफ इशारा करते हैं।


सुबह दिखाई देने वाले लक्षण जो बढ़े हुए शुगर लेवल का संकेत हो सकते हैं—
1. मुंह का सूखना और अत्यधिक प्यास लगना:
अगर सुबह उठते ही आपको मुंह बहुत सूखा हुआ महसूस हो और बार-बार प्यास लग रही हो, तो यह हाई ब्लड शुगर का लक्षण हो सकता है। डायबिटीज मरीजों को अक्सर सुबह गला सूखने की शिकायत होती है।
2. धुंधला दिखाई देना:
अगर आप सुबह उठते ही धुंधला-धुंधला देखने लगते हैं, तो यह भी डायबिटीज का संकेत हो सकता है। डायबिटीज आंखों की रोशनी पर असर डालती है और समय रहते इलाज न हो तो यह नुकसानदायक हो सकता है।
3. थकान और कमजोरी महसूस होना:
अगर रातभर की नींद के बावजूद आप सुबह उठकर थके-थके से महसूस कर रहे हैं, या शरीर में कमजोरी लग रही है, तो यह सामान्य नहीं है। यह हाई ब्लड शुगर का संकेत हो सकता है। ऐसे में एक बार शुगर की जांच ज़रूर करवा लें।
4. बार-बार पेशाब आना, भूख बढ़ना, हाथ कांपना और पसीना आना:
अगर सुबह के समय ही इन लक्षणों का सामना करना पड़ रहा है, तो यह भी डायबिटीज के बढ़े हुए स्तर को दर्शा सकता है। इन्हें हल्के में लेना खतरे की घंटी हो सकती है।
डायबिटीज को कंट्रोल में कैसे रखें?
- लाइफस्टाइल में बदलाव: सबसे ज़रूरी है अपनी दिनचर्या में बदलाव लाना। रोज़ाना थोड़ी देर टहलना, एक्सरसाइज़ करना और योग को अपनाना बेहद जरूरी है।
- स्वस्थ आहार: हाई फाइबर युक्त भोजन लें। मीठी चीज़ों से पूरी तरह दूरी बना लें। पैकेज्ड और प्रोसेस्ड फूड से बचें।
- प्रोटीन का सेवन बढ़ाएं: दालें, अंडे, दूध, पनीर जैसी चीज़ें शामिल करें।
- पर्याप्त नींद लें: रोज़ाना कम से कम 8 घंटे की नींद लें और सोने का समय नियमित रखें।
- पानी भरपूर पिएं: दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। इससे शरीर में मौजूद शुगर का स्तर संतुलित रहता है।
नोट: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। अगर आपको उपरोक्त लक्षण लंबे समय तक दिखाई दे रहे हैं या आपकी तबीयत बिगड़ रही है, तो बिना देर किए अपने शहर के किसी योग्य और अनुभवी डॉक्टर से संपर्क करें। किसी भी इलाज को शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना अत्यंत आवश्यक है। आपकी सेहत सबसे कीमती है उसे नजरअंदाज न करें।
