यूपी वालों को कोहरे से राहत नहीं,जनवरी में और सताएगी सर्दी


उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और कोहरे की क़हर जारी है. नए साल पर भी जबर्दस्त कोहरा देखने को मिला तो वहीं पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे और सूरज के दर्शन भी मुश्किल हो गए. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में लोगों को सर्दी से मामूली राहत मिलेगी लेकिन इसके बाद फिर से सर्दी में इजाफा होगा. मौसम विभाग ने प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में आज 2 जनवरी को भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है. हालांकि पश्चिमी और पूर्वी संभाग में घने कोहरे का प्रकोप जारी रहने वाला है. प्रदेश के 34 जिलों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहेगा. कुछ जगहों पर जीरो मीटर विजिबिलिटी रहने का अनुमान हैं. शुक्रवार को दिन के समय धूप निकलने से ठंडक से थोड़ी राहत मिलेगी. मौसम विभाग की माने तो शुक्रवार को नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, मेरठ, रामपुर, संभल, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है. इसके अलावा जालौन, झांसी, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर व आसपास के इलाकों में आज घने कोहरे की चेतावनी दी गई है. आने वाले दिनों में भी प्रदेश में कोहरे का अनुमान जताया गया है जिससे फ़िलहाल राहत मिलते नहीं दिख रही. बीते 24 घंटों में बाराबंकी प्रदेश सबसे ठंडा जिला रहा है. यहां न्यूनतम तापमान 3.0 3.0 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम रहा और सीज़न का सबसे ठंडा दिन रहा. वहीं गोरखपुर, हरदोई, अयोध्या. सुल्तानपुर, बरेली, शाहजहांपुर में सबसे ज्यादा ठंडे जिले रहे हैं. यहां न्यूनतम तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है.




