राष्ट्रपति के आगमन के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया


Saraikela : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 29 दिसंबर को प्रस्तावित जमशेदपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं. राष्ट्रपति के आगमन और उनके परिदर्शन मार्ग को ध्यान में रखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किया है. इस आदेश के तहत ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून सहित किसी भी प्रकार की उड़ान संबंधी गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. राष्ट्रपति का आगमन सोनारी हवाई अड्डा, जमशेदपुर में निर्धारित है. यहां से उनका कार्यक्रम दिशोम जाहेरथान, करनडीह होते हुए परिसदन, जमशेदपुर तथा इसके बाद परिसदन से एनआईटी, आदित्यपुर सरायकेला खरसावां जिला तक प्रस्तावित है. पूरे मार्ग और कार्यक्रम स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है. धालभूम अनुमंडल के अनुमंडल दंडाधिकारी चंद्रजीत सिंह ने जानकारी दी कि धालभूम अनुमंडल के अंतर्गत सभी थाना क्षेत्रों में ड्रोन या किसी भी अन्य उड़न उपकरण का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. यह आदेश 28 दिसंबर 2025 की शाम छह बजे से 29 दिसंबर 2025 की रात दस बजे तक प्रभावी रहेगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में राष्ट्रपति के कार्यक्रम से जुड़ी प्रशासनिक तैयारियों, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और प्रोटोकॉल से संबंधित सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रूट लाइन मैपिंग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, सड़कों की आवश्यक मरम्मत, रंग-रोगन और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी बुनियादी सुविधाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि माननीय राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही आगमन मार्ग और कार्यक्रम स्थलों पर नागरिक सुविधाओं, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए. सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया, ताकि राष्ट्रपति का दौरा पूरी तरह सुचारू, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके. बैठक में अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, एनडीसी डेविड बलिहार, उप नगर आयुक्त (जेएनएसी) कृष्ण कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, डीपीआरओ पंचानन उरांव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.




