विजिलेंस अवेयरनेस वीक का समापन समारोह सफलतापूर्वक संपन्न


Saraikela: एनआईटी जमशेदपुर में “विजिलेंस अवेयरनेस वीक 2025” का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में CSIR–NML जमशेदपुर के कंट्रोलर ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन जयशंकर शरण उपस्थित रहे. उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि सतर्कता केवल भ्रष्टाचार के विरुद्ध कदम नहीं, बल्कि यह हमारे भीतर निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी की भावना को सशक्त बनाती है. उन्होंने छात्रों को संदेश दिया कि वे जीवन के हर क्षेत्र में नैतिक मूल्यों का पालन करें और समाज में एक आदर्श नागरिक की भूमिका निभाएँ.
इस अवसर पर संस्थान के CVO प्रोफेसर विरेंद्र कुमार, डिप्टी डायरेक्टर, रजिस्ट्रार (इन-चार्ज) तथा बड़ी संख्या में शिक्षकगण और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे. CVO प्रोफेसर विरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि विजिलेंस का अर्थ है अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना और संस्था व समाज के प्रति उत्तरदायित्व का भाव विकसित करना. डिप्टी डायरेक्टर ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों और कर्मचारियों में नैतिकता, पारदर्शिता और अनुशासन की भावना को बढ़ावा देते हैं.
कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन की जानकारी सीबीओ प्रोफेसर बिहेन्द्र कुमार ने दी. उन्होंने पूरे सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों — जैसे निबंध लेखन प्रतियोगिता, जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण समारोह आदि — का विस्तार से उल्लेख किया. समापन सत्र में डॉ. जयेंद्र कुमार ने एनएसएस इकाई की ओर से धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. उन्होंने मुख्य अतिथि, सभी गणमान्य अतिथियों, आयोजकों तथा उपस्थित सभी संकाय सदस्यों और छात्रों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ, और सभी ने “भ्रष्टाचार मुक्त भारत” के संकल्प को को दोहराया.




