चार मेमू ट्रेनों का टर्मिनल बदला, अब 9 अक्टूबर 2026 तक आदित्यपुर से होगा संचालन

जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और टाटानगर यार्ड में ट्रेनों के सुचारु परिचालन को देखते हुए चार मेमू यात्री ट्रेनों के टर्मिनल परिवर्तन की अवधि बढ़ा दी है। अब टाटानगर के बजाय आदित्यपुर स्टेशन से इन ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था 9 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इसमें 68004 गुवा–टाटानगर मेमू, 68019 टाटानगर–गुवा मेमू, 68020 गुवा–टाटानगर मेमू और 68009 टाटानगर–चक्रधरपुर मेमू शामिल हैं। निर्धारित अवधि तक ये ट्रेनें आदित्यपुर स्टेशन से यात्रा शुरू करेंगी और फेरा पूरा करने के बाद आदित्यपुर स्टेशन पर ही यात्रा समाप्त करेंगी।

रेलवे के अनुसार, टर्मिनल में बदलाव के बाद टाटानगर यार्ड में ट्रेनों की भीड़ और डिटेंशन कम हुआ है। इससे यार्ड में ट्रेनों के परिचालन को सुचारु बनाने में मदद मिली है। इस व्यवस्था के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए रेल प्रशासन ने टर्मिनल परिवर्तन की अवधि अगले 15 दिनों के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया है।
अब चारों मेमू ट्रेनों के लिए यह व्यवस्था 9 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान संबंधित यात्रियों को टाटानगर स्टेशन के बजाय आदित्यपुर स्टेशन से ट्रेन पकड़नी होगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन के प्रस्थान और आगमन स्टेशन की जानकारी जांचने की अपील की है, ताकि अंतिम समय में असुविधा से बचा जा सके।


