टेंडर फिर बढ़ा, आइएसबीटी निर्माण में देरी; बसों के दबाव से रोज जाम

जमशेदपुर : मानगो के डिमना चौक के पास बनने वाले अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की योजना में एक बार फिर देरी होगी. 13 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस परियोजना के टेंडर की अंतिम तिथि तीसरी बार बढ़ायी गयी है. जुडको के नये आदेश के मुताबिक, टेंडर जमा करने की आखिरी तारीख अगस्त से बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी गयी है. शहर की बढ़ती आबादी और अंतरराज्यीय बसों के बढ़ते दबाव को देखते हुए यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस आइएसबीटी बनाने को मंजूरी मिली है.


परियोजना का निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर होना है और इसके लिए 153.36 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है. प्रस्तावित परिसर में आधुनिक बस टर्मिनल के साथ कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और जल संसाधन विभाग का कार्यालय भी बनाया जाना है. मौजूदा जेपी सेतु बस स्टैंड में रोज बसों के दबाव से जाम की स्थिति रहती है. यहां यात्रियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, साफ शौचालय और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है.
बसें मुख्य सड़क के किनारे खड़ी होने के कारण मानगो गोलचक्कर पर रोजाना जाम लगता है. बिहार, बंगाल, ओडिशा और झारखंड के दूसरे जिलों से आने-जाने वाली सैकड़ों बसों के संचालन के लिए मौजूदा बस स्टैंड की जगह अब पर्याप्त नहीं रह गयी है.


